शिक्षा जगत का गौरव: नवीन शिक्षक संघ की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. गंगा शरण पासी को मिला ‘शिक्षा श्री सम्मान’



रायपुर - शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. गंगा शरण पासी को प्रतिष्ठित “शिक्षा श्री सम्मान” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों की पहचान है, बल्कि पूरे शिक्षा जगत और शिक्षक समाज के लिए गर्व का विषय है।

डॉ. पासी ने अपने शिक्षकीय जीवन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने सदैव विद्यालय के बच्चों को अपने परिवार के बच्चों की तरह मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया, जिसके परिणामस्वरूप उनके विद्यालय में लगातार 100 प्रतिशत उपस्थिति एवं उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम प्राप्त होते रहे हैं। शिक्षा के साथ-साथ वे विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी प्रेरित करती रही हैं।

पर्यावरण संरक्षण में बनी मिसाल

डॉ. गंगा शरण पासी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं। उन्होंने अपने निवास परिसर में लगभग 300 पेड़-पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। साथ ही विद्यालय के विद्यार्थियों को भी वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर जागरूक करती रही हैं।

साहित्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान

डॉ. पासी शिक्षा और पर्यावरण के साथ-साथ साहित्य सृजन में भी सक्रिय हैं। अब तक वे छह पुस्तकों का लेखन कर चुकी हैं। हाल ही में 7 जून को नई दिल्ली स्थित हिन्दी सभागार में उनकी लिखित पुस्तक “स्व. चिरंजीवी बघेल जी की जीवनी” का भव्य विमोचन किया गया। इस अवसर पर उन्हें राष्ट्रीय पर्यावरण मित्र सम्मान से भी सम्मानित किया गया।

बालिकाओं को आत्मरक्षा में किया सशक्त

कराटे प्रशिक्षण के माध्यम से डॉ. पासी ने ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके मार्गदर्शन में पथरी विद्यालय की एक बालिका मास्टर ट्रेनर के रूप में पहचान बनाने में सफल हुई, जो उनके प्रयासों की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

अनेक सामाजिक दायित्वों का सफल निर्वहन

डॉ. गंगा शरण पासी केवल एक शिक्षिका ही नहीं, बल्कि समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण की अग्रणी कार्यकर्ता भी हैं। वे वर्तमान में नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ की महिला प्रदेश प्रवक्ता, पर्यावरण मित्र बहुउद्देशीय संस्था की प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय महिला अत्याचार विरोधी मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष, ग्रीन आर्मी की सक्रिय सदस्य तथा कराटे टीम की सचिव सहित अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।

समाज के लिए प्रेरणास्रोत

शिक्षा, साहित्य, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके बहुआयामी योगदान ने उन्हें समाज में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। "शिक्षा श्री सम्मान" से सम्मानित होना उनके अथक परिश्रम, समर्पण और समाज के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

नवीन शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह राजपूत, उमा जाटव, गिरीश साहू, बलविंदर कौर, ज्योति सक्सेना, अजय कड़व, नंदिनी देशमुख, रूपा साहू, अमितेश तिवारी, दुष्यन्त कुम्भकार, सतीस टंडन, मनोज चंद्रा सहित शिक्षा जगत के लोगों ने डॉ. गंगा शरण पासी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे पूरे शिक्षक समाज के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है। 

Comments

Popular posts from this blog

होली पर्व के अवसर पर 3से 5 मार्च तक अवकाश देने की मांग

स्थानीय परीक्षा मे संशोधन की मांग 30 मार्च व 02 अप्रेल को केंद्रीयकृत परीक्षा

12 वीं के हिंदी पेपर लिक गंभीर व शर्मनाक बच्चो के भविष्य के साथ खिलवाड़ पेपर लिक से जुड़े सभी कर्मचारियों व अधिकारियो पर कार्यवाही जरूरी -डॉ गंगा शरण पासी