धमधा में शिक्षक संगठनों की एकजुटता, 22 अगस्त को निकलेगी सेवा व पदोन्नति सुरक्षा न्याय यात्रा



धमधा- नवीन शिक्षक संघ के सचिव प्रदीप राजपूत जानकारी दिया है की सेवा सुरक्षा, पदोन्नति सुरक्षा एवं टीईटी के विरोध में धमधा ब्लॉक के विभिन्न शिक्षक संगठन एकजुट होकर 22 अगस्त को ब्लॉक स्तरीय एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं “सेवा व पदोन्नति सुरक्षा न्याय यात्रा” निकालेंगे। शिक्षक संगठनों ने संयुक्त रूप से शिक्षकों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी मांगों को बुलंद करने की अपील की है।

शिक्षक संगठनों द्वारा सौंपे गए मांगपत्र में प्रमुख रूप से आरटीई लागू होने के पूर्व नियुक्त शिक्षकों को सेवा सुरक्षा प्रदान करने, टीईटी की अनिवार्यता के नाम पर पदोन्नति से वंचित नहीं करने तथा पूर्व प्रचलित नियमों के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया संचालित करने की मांग की गई है। संगठनों का कहना है कि शिक्षकों के हितों से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर शासन स्तर से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किया जाना आवश्यक है।

टीचर्स एसोसिएशन धमधा के ब्लॉक अध्यक्ष मदन साटकर ने कहा, “हम सभी शिक्षक संगठन धमधा में एकजुट होकर सेवा सुरक्षा व पदोन्नति सुरक्षा के लिए संघर्ष करेंगे। शिक्षक हित से जुड़े इस आंदोलन में सभी शिक्षकों की सहभागिता आवश्यक है।”

शालेय शिक्षक संघ धमधा के ब्लॉक अध्यक्ष युवराज साहू ने कहा, “नवीन शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष संजय शर्मा ने सेवा सुरक्षा न्याय यात्रा के लिए सहयोग की अपील की। शिक्षक हित और एकजुटता को ध्यान में रखते हुए हमने 22 अगस्त को न्याय यात्रा में शामिल होने का निर्णय लिया है।”

सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन धमधा के ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम ठाकुर ने कहा, “एकजुटता ही धमधा ब्लॉक की पहचान है। प्रदेश में संघ अलग-अलग भले ही हों, लेकिन धमधा में हम सभी शिक्षक संगठन एकजुट होकर हर संघर्ष में साथ रहेंगे।”

वहीं नवीन शिक्षक संघ धमधा के ब्लॉक अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि आरटीई लागू होने के पूर्व नियुक्त शिक्षकों के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद सेवा में बने रहने के लिए अगस्त 2028 तक का समय दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद जिला स्तर पर पदोन्नति के लिए केवल टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों की सूची तैयार किए जाने की जानकारी मिल रही है, जबकि इस संबंध में शासन स्तर से कोई स्पष्ट निर्देश जारी नहीं हुआ है।

संजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश स्तर से दिशा-निर्देश मिलने के बाद 22 अगस्त को धमधा में सेवा सुरक्षा न्याय यात्रा निकालने के लिए सक्रिय शिक्षक संगठनों से सहयोग की अपील की गई थी। शिक्षक हित को सर्वोपरि रखते हुए सभी संगठनों ने एकजुट होकर टीईटी के विरोध एवं सेवा-पदोन्नति सुरक्षा के आंदोलन में सहयोग देने का निर्णय लिया है।

संजय शर्मा ने सभी शिक्षक संगठनों के ब्लॉक अध्यक्षों का आभार व्यक्त करते हुए धमधा ब्लॉक के समस्त शिक्षकों से अपील की कि 22 अगस्त को धरना स्थल पर पहुंचकर सेवा सुरक्षा न्याय यात्रा को सफल बनाएं और अपने अधिकार एवं न्याय की मांग को मजबूती से बुलंद करें।

मदन साटकर, युवराज साहू, संजय शर्मा व उत्तम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि आंदोलन का उद्देश्य किसी संगठन विशेष का नहीं, बल्कि शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, पदोन्नति सुरक्षा और न्यायपूर्ण व्यवस्था के लिए सामूहिक संघर्ष करना है। धमधा में विभिन्न शिक्षक संगठनों की इस एकजुटता को आंदोलन की महत्वपूर्ण ताकत माना जा रहा है। 

Comments

Popular posts from this blog

होली पर्व के अवसर पर 3से 5 मार्च तक अवकाश देने की मांग

स्थानीय परीक्षा मे संशोधन की मांग 30 मार्च व 02 अप्रेल को केंद्रीयकृत परीक्षा

12 वीं के हिंदी पेपर लिक गंभीर व शर्मनाक बच्चो के भविष्य के साथ खिलवाड़ पेपर लिक से जुड़े सभी कर्मचारियों व अधिकारियो पर कार्यवाही जरूरी -डॉ गंगा शरण पासी